अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परिवार के साथ ऐतिहासिक ताजमहल में करीब एक घंटे से ज्यादा का समय बिताया। बेटी इवांका ट्रंप ने पति के जेरेड कुशनर के साथ ताजमहल की खूबसूरती को करीब से निहारा। उनकी अगवानी के लिए राज्यपाल आनंदी बेन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
सोमवार की शाम 4:55 बजे जब ट्रंप परिवार ताज से रूबरू हुआ, ताज का संगमरमरी हुस्न ढलते सूर्य की लालिमा से स्वर्णिम आभा के साथ दमक रहा था। मुहब्बत की निशानी को रंगों से नहाया देख डोनाल्ड ट्रंप व मेलानिया ने विजिटर बुक पर अनुभूति कुछ यूं दर्ज की-‘ताजमहल प्रशंसा और आदर भाव जगाने वाला है। यह भारत की समृद्ध और विविधता पूर्ण संस्कृति की खूबसूरती का जीवंत उदाहरण है। धन्यवाद भारत। बता दें ताजमहल का दीदार करने वाले ट्रंप तीसरे अमेरिकी राष्ट्रपति हैं। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने 2000 में और डी. आइजनहावर ने 1959 में ताजमहल की खूबसूरती को निहारा था।