डेस्क: भारतीय जनता पार्टी ने बरोदा में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त को उम्मीदवार बनाया है। गुरुवार देर रात भाजपा ने टिकट की घोषणा की। इससे पहले दिनभर टिकट को लेकर मंथन चलता रहा। इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने योगेश्वर दत्त को बरोदा सीट से चुनावी मैदान में उतारने का समर्थन किया था। उन्होंने कहा, “हरियाणा के बहुत से खिलाड़ियों ने आज मुझसे मुलाकात की। इन्होंने एक मांग रखी है कि इन्हीं में से एक योगेश्वर दत्त को बरोदा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी बनाया जाए।

दरअसल 2019 के विधानसभा चुनाव में योगेश्वर दत्त ने बीजेपी के टिकट पर बरोदा से ही चुनाव लड़ा था। उस दौरान वो हार गए थे, लेकिन उनका प्रदर्शन काफी अच्छा था। बरोदा क्षेत्र पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ के रूप में देखा जाता है, इसके बावजूद 37726 वोटों के साथ योगेश्वर दूसरे नंबर पर थे।

आपको बता दें कि बरोदा विधानसभा सीट से विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा का अप्रैल में निधन हो गया था। वो लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। उन्होंने 2019 के विधानसभा चुनाव में पहलवान योगेश्वर दत्त को हराया था। ये उनकी विधानसभा चुनाव में छठी जीत थी। उनके निधन के बाद से ही ये सीट खाली थी। अब बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही हरियाणा की इस सीट पर उपचुनाव भी हो रहे हैं। जिसके लिए 3 नवंबर को वोटिंग होगी, जबकि 10 नवंबर को रिजल्ट आएगा।